अलीराजपुर से ब्यूरो पीयूष राठौड़
आलीराजपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को जोबट वृत्त में झाबुआ रोड पर नाकाबंदी के दौरान आबकारी टीम ने एक बिना नंबर की सफेद पिकअप वाहन से 75 पेटी अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, इंदौर संभाग के उपायुक्त आबकारी इंदरसिंह जामोद, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर तथा जिला आबकारी अधिकारी आर.एस. राय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी टीम ने झाबुआ रोड पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से जोबट कस्बे की ओर भगा ले गया। पीछा करने पर उसने वाहन चर्च के सामने छोड़ दिया और फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी 75 पेटी अवैध मदिरा बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 900 बल्क लीटर बताई गई है। आबकारी विभाग ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। जब्त सामग्री और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।
फरार आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी.एस. रावत के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मोहित बिरला, गंभीर सिंह वास्कले, प्रधान आरक्षक अमानुल्लाह खान एवं आरक्षक प्रवीण चौहान सहित टीम के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग अधिकारी आर.एस. राय ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


