ब्रेकिंग: इंदौर में बर्थडे पार्टी बनी मौत का मैदान, पार्थ दीवान की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

Share:

रिपोर्ट नरेन सिरवी

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला विजयनगर की स्कीम नंबर 54 का है, जहां एक बर्थडे पार्टी खून से सनने वाली घटना में तब्दील हो गई। बीती रात पार्थ दीवान नामक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन से चार बदमाश पार्थ को सड़क पर चाकू से गोदते नजर आ रहे हैं। हत्या के बाद आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, हत्या का कारण बर्थडे पार्टी के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छानबीन तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी हो सके।

शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जश्न के मौके अब जनाजों में बदल रहे हैं, और पुलिस की लचर कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले में सबूत जुटाने में जुटी है, लेकिन सवाल यह है कि क्या इंदौर में अमन-चैन की वापसी हो पाएगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *