मकर संक्रांति से पहले अलीराजपुर जिला पुलिस का बड़ा एक्शन

Share:

आलीराजपुर जिला ब्यूरो पियुष राठौड़

अलीराजपुर। आगामी मकर संक्रांति एवं पतंगबाजी के पर्व को ध्यान में रखते हुए अलीराजपुर पुलिस ने जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जिलेभर में घातक चायनीज मांझे (नायलॉन डोर) के विरुद्ध विशेष सतर्कता अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है तथा प्रतिबंधित चायनीज मांझे के भंडारण, क्रय-विक्रय एवं उपयोग पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चायनीज मांझा न केवल पतंगबाजी के दौरान बल्कि सामान्य जनजीवन में भी अत्यंत खतरनाक साबित हो रहा है। इसके कारण पूर्व में कई गंभीर दुर्घटनाएं, जानलेवा चोटें और मौत तक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा चायनीज मांझे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

अलीराजपुर पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित चायनीज मांझे का भंडारण, बिक्री या उपयोग करता पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा बाजारों दुकानों, गोदामों और संदिग्ध स्थानों पर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। दुकानदारों एवं विक्रेताओं से कहा गया है कि वे किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित चीनी मांझे का भंडारण या विक्रय न करें, क्योंकि यह कानूनी रूप से दंडनीय अपराध है। वहीं अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को चायनीज मांझे के घातक परिणामों के बारे में जागरूक करें और सुरक्षित पतंगबाजी के लिए प्रेरित करें।पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई व्यक्ति या दुकानदार चोरी-छिपे चायनीज मांझे का विक्रय कर रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।अलीराजपुर पुलिस प्रशासन ने कहा कि नागरिकों की एक छोटी सी सजगता और जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार किसी परिवार की खुशियों और किसी की जान की रक्षा कर सकता है। वहीं नियमों की अनदेखी न केवल व्यक्ति को कानूनी परेशानी में डाल सकती है, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।अंत में पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि जनसुरक्षा सर्वोपरि है और इस दिशा में पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है।
“आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” — जिला पुलिस प्रशासन, अलीराजपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *