जयस ने सिविल अस्पताल बदनावर में रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

Share:

दिपक डोडिया 9131749608

बदनावर – 01 सितंबर 2025
जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) संगठन बदनावर ने बताया कि सिविल अस्पताल बदनावर में प्रतिदिन दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से सैकड़ों मरीज इलाज हेतु आते हैं। यह अस्पताल आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, परंतु रात के समय डॉक्टर और नर्स की अनुपस्थिति के कारण मरीजों और परिजनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कहा कि रात्रि के समय कई बार अचानक एक्सीडेंट, डिलीवरी केस या अन्य गंभीर बीमारी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे समय पर मरीजों को तत्काल उपचार की आवश्यकता होती है। किंतु चिकित्सक और नर्स उपलब्ध न होने से समय पर उपचार नहीं मिल पाता और मजबूरन मरीजों को रेफर करना पड़ता है। जबकि आवश्यक चिकित्सा सुविधा सिविल अस्पताल में उपलब्ध होनी चाहिए। इससे मरीज की स्थिति बिगड़ जाती है और परिजनों को निजी अस्पतालों या अन्य स्थानों का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीण जनता अपनी उम्मीदें लेकर सरकारी अस्पताल आती है क्योंकि यह गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए सहारा बनने वाला केंद्र है। लेकिन वर्तमान स्थिति से लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है। आमजन में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जयस संगठन ने चेतावनी दी कि यह समस्या सीधे आमजन के जीवन से जुड़ी हुई है, जिसे नजरअंदाज करना बेहद खतरनाक होगा। संगठन ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है ताकि रात के समय अस्पताल में नियमित रूप से डॉक्टर और नर्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। आज इसी मांग को लेकर जयस बदनावर द्वारा अनुविभागीय अधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने कहा कि यदि शीघ्र ही समाधान नहीं किया गया तो मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है। प्रस्तावित समाधान से न केवल आपात स्थिति में मरीजों का जीवन सुरक्षित रहेगा बल्कि जनता का विश्वास भी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर और मजबूत होगा। इस अवसर पर जयस तहसील पदाधिकारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।ज्ञापन का वाचन सुरज गिरवाल द्वारा किया गया उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी राकेश मुनिया अम्बापड़ा द्वारा दी गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *